स्कूलों में मतदान शपथ से मॉक पोलिंग तक, बच्चों को समझाई चुनाव प्रक्रिया
भास्कर न्यूज | बालोतरा शहर के राजकीय एमबीआर पीजी कॉलेज में शुक्रवार को कलक्टर सुशील कुमार यादव ने निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम व निर्वाचन कार्मिकों के प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था सहित अन्य प्रबंधों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण स्थल पर निर्वाचन कार्मिकों को ईवीएम संचालन व निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निकाय चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बालोतरा | नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव के निर्देशन में स्कूलों में मतदान शपथ, प्रश्नोत्तरी व मॉक पोलिंग सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को राउमावि रामदेवरा में विद्यार्थियों व कार्मिकों को मतदान की शपथ दिलाई।
राउमावि गोदावास में मतदाता जागरूकता पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। रिछोली के स्कूल में भी मतदान शपथ कार्यक्रम आयोजित हुआ। गुरुकुल अंग्रेजी माध्यम उमावि व राउमावि मालियों का बेरा में मॉक पोलिंग कराई गई।
विद्यार्थियों को मतदान की पूरी प्रक्रिया के साथ मतदान केंद्र पर तैनात कार्मिकों की भूमिका और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को मतदान लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से मतदान करना चाहिए।
📡 स्रोत: NewsData.io