स्पीति को आज विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे मुख्यमंत्री सुक्खू, रंगरिक गांव में करेंगे जनसंवाद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 14,लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज से स्पीति के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह क्षेत्र को विकास परियोजनाओं की सौगात देने के साथ स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री आज सबसे पहले रंगरिक के समीप रोंगटोंग में दो मेगावाट क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली का उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही चिदांग तंगती से खर तेलिंग और तंज़िट से हिक्किम सड़कों का भी लोकार्पण करेंगे। इसके बाद काज़ा के आइस हॉकी मैदान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन करने के साथ जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री शाम पांच बजकर बीस मिनट पर कीह स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद शाम छह बजकर पांच मिनट पर रंगरिक के मंजुश्री बौद्ध मठ में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यहां वह महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्पीति के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव रंगरिक में रहेगा। वह पंद्रह अक्तूबर की सुबह शिमला के लिए रवाना होंगे।