आज सुबह हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 19, चंबा (हिमाचल प्रदेश): राधा अष्टमी पर आज पवित्र मणिमहेश में शाही स्नान शुरू हो गया है। सुबह करीब 4:00 बजे मणिमहेश डल झील में पर्वी के पश्चात हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है। इसमें जम्मू सहित चम्बा जिला से गई पवित्र छड़ियों को भी स्नान करवाया गया। वहीं इससे पूर्व कल दोपहर बाद भगवान शिव के गुर (चेलों) ने परंपरा का निर्वहन करते हुए डल तोड़ने की रस्म निभाई।
डल तोड़ने को स्थानीय भाषा में डल पार करना कहा जाता है। वहीं इस शाही स्नान के साथ ही 4 सितम्बर से शुरू हुई मणिमहेश यात्रा का आज आधिकारिक रूप से समापन हो जाएगा। लेकिन श्रद्धालुओं को हेली टैक्सी सेवा 20 सितम्बर तक मिल पाएगी। आधिकारिक रूप से करीब 15 दिनों तक चली इस यात्रा के दौरान एक लाख 25 हजार के करीब श्रद्धालु अब तक यात्रा कर चुके हैं जबकि यात्रा पड़ाव में अभी कई श्रद्धालुओ का आवागमन जारी है।
वहीं यात्रा के दौरान प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं को विभिन्न तरह की सुविधाएं मुहैया करवाई गई थी जिसमें अस्थायी आवास, लंगर, हेली टैक्सी, घोड़े इत्यादि की सुविधाएं शामिल थी। इस बार मौसम साफ रहने पर काफी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करने पहुंचे थे जबकि पिछले वर्ष भारी बारिश के चलते हुए नुकसान के कारण मणीमहेश यात्रा बीच में ही बंद करनी पड़ी थी।