सुभाष कॉलोनी मंदिर में 4 सितंबर को मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। सुभाष कॉलोनी स्थित मां भवानी शिव हनुमान मंदिर में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को फूलों एवं आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा तथा भगवान श्रीकृष्ण को पालने में झुलाया जाएगा।
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण का विशेष अभिषेक एवं पूजन पंडित अनिल दुबे के आचार्यत्व में संपन्न होगा। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। जन्मोत्सव के दौरान “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठेगा।
मंदिर समिति की ओर से राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी विशेष संगीतमय भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धा सुमन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा शाम 8 बजे से भजन संध्या प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें कृष्ण भक्ति के भजनों से श्रद्धालु भाव-विभोर होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव होगा। जन्म के पश्चात भगवान को पालने में झुलाया जाएगा और महाआरती की जाएगी। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सहभागी बनने का आग्रह किया है।