सुल्तानपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुल्तानपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद स्तरीय क्विज, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यालय व ब्लाक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में चित्रकला प्रदर्शनी भी लगाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
केशकुमारी की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यार्थियों की ओर से तैयार चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिताओं में विद्यालय एवं ब्लाक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का लोक भवन, लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा किए गए शुभारंभ का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस दौरान सुलतानपुर के 7931 छात्र-छात्राओं के खातों में 249.40 लाख रुपये की छात्रवृत्ति सीधे अंतरित की गई। अतिथियों ने चयनित छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र भी वितरित किए।सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट किए।
जिला विद्यालय निरीक्षक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी के प्रति आभार जताया।