राज्य

सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मरीजों से जाना हाल, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मरीजों से जाना हाल, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: राजेंद्र शुक्ल

भोपाल, 26 सितम्बर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रीवा का निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों और अति-गंभीर देखरेख इकाइयों का निरीक्षण करने के साथ भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री स्वयं मरीजों के पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। अधिकांश मरीजों द्वारा सेवाओं पर संतोष व्यक्त किए जाने पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों की छोटी-बड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा के साथ मानवीय और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार मिलना चाहिए।

डॉक्टरों से चर्चा करते उपमुख्यमंत्री
डॉक्टरों से चर्चा करते उपमुख्यमंत्री

अस्पताल के निरीक्षण के बाद उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के डीन, अस्पताल अधीक्षक, विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान ओपीडी प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा उपकरणों की कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा हुई।

अस्पताल प्रबंधन से चर्चा करते उपमुख्यमंत्री
अस्पताल प्रबंधन से चर्चा करते उपमुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आवश्यक और जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रहे, ताकि मरीजों को दवाओं के लिए बाहर न जाना पड़े। जांच उपकरणों को सुचारू रूप से कार्यशील रखने और तकनीकी खराबी आने पर उसका तत्काल निराकरण कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने वार्डों, आईसीयू और शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पूरे विंध्य क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। सरकार का प्रयास है कि गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए क्षेत्र के लोगों को दूसरे शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि रीवा की स्वास्थ्य अधोसंरचना को और मजबूत किया जा रहा है। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में नए विभागों के विस्तार, सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की तैनाती और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों के समावेश की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।