सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रही नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का धरना, वार्ड-1 गाँधी नगर के पार्षद लक्ष्मण सिंह राजपूत समर्थन में उतरे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। नगर निगम भोपाल द्वारा शहर में की जा रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में गांधी नगर क्षेत्र के बस स्टैंड पर एक व्यापारी ने धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारी का आरोप है कि निगम की कार्रवाई से कारोबार प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों में रोष है।
प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही वार्ड क्रमांक-1 के पार्षद लक्ष्मण सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और व्यापारी के समर्थन में खड़े नजर आए।
पार्षद ने व्यापारी की समस्याएं सुनीं और निगम की कार्रवाई को लेकर उचित समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि व्यावसायिक गतिविधियों के नाम पर दुकानें बंद कराई जाती हैं तो दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा।
छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा होने से बाजार की पूरी व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि सीलिंग कार्रवाई के पीछे यातायात और पार्किंग की समस्या प्रमुख वजह है तो इसका समाधान सरकार और नगर निगम को मिलकर निकालना चाहिए।
उन्होंने पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान विकसित करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत बताई, ताकि समस्या का समाधान दुकानदारों की आजीविका प्रभावित किए बिना किया जा सके। धरने के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही।
व्यापारी और स्थानीय लोगों ने मांग की कि सीलिंग कार्रवाई से पहले संबंधित दुकानों और प्रतिष्ठानों की स्थिति, नियमों तथा परिस्थितियों की उचित जांच की जाए और प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं का समाधान निकाला जाए।