सुरों और संस्कृति के रंग में रंगा केलांग, भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ जनजातीय उत्सव-2026
अगस्त 17, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): केलांग में 14 से 16 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026 का भव्य समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। समापन समारोह में मंडलायुक्त मंडी डॉ. आर.के. प्रूथी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और उत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, समितियों, कलाकारों और स्थानीय लोगों को बधाई दी। इस दौरान उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने मेले के सफल आयोजन की बधाई देने के साथ ही सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद किया। समापन संध्या में इंडियन आइडल फेम गायिका नेहा दीक्षित और स्थानीय लोक गायक रवि नेहमा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। वहीं स्टार नाइट में एसी भारद्वाज, कुमार साहिल सहित लोकप्रिय गायक इशांत भारद्वाज ने सुरों का जादू बिखेरकर समां बांध दिया और उपस्थित दर्शकों को झूमने पर मज़बूर कर दिया। तीन दिनों तक चले इस उत्सव ने लाहौल-स्पीति की जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, कला और हस्तशिल्प को व्यापक मंच प्रदान किया। शानदार प्रस्तुतियों के साथ जनजातीय उत्सव-2026 केलांग में एक यादगार सांस्कृतिक छाप छोड़ गया।
कैप्शन: कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुतियाँ देते हुए कलाकार