स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच जेपी नड्डा ने H1N1 तैयारियों का लिया जायजा
dATE- 21 aUGUST 2026, DELHI केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शुक्रवार को देशभर में विशेषकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में, H1N1 इन्फ्लूएंजा की मौजूदा स्थिति और उससे निपटने की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डी. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय निगरानी व्यवस्था, महामारी की स्थिति, ILI (इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस) और SARI (सिवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन) के ट्रेंड, टेस्टिंग व लैब सर्विलांस तथा मौसमी इन्फ्लूएंजा के मामलों को संभालने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों का विस्तार से जायजा लिया।
उन्होंने इन्फ्लूएंजा के ट्रेंड पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ निरंतर सतर्कता, मजबूत निगरानी और पहले से तैयारी करने की जरूरत पर विशेष जोर दिया। दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा बैठक में दिल्ली की हेल्थकेयर सुविधाओं की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
इसमें अस्पताल के बिस्तरों, क्रिटिकल केयर यूनिट्स और अन्य जरूरी सामान की उपलब्धता शामिल थी। यह समीक्षा दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी की खबरों और उमस भरे बदलते मौसम के बीच हुई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ रही हैं।
उमस और तापमान में उतार-चढ़ाव मौसमी सांस संबंधी संक्रमण फैलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर रहे हैं। हालिया रिपोर्टों में दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मामलों में उछाल दर्ज किया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को फ्लू जैसे लक्षणों के प्रति सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की सलाह दी है।
H1N1 क्या है और इसके लक्षण ? H1N1, जिसे आमतौर पर स्वाइन फ्लू कहा जाता है, इन्फ्लूएंजा A(H1N1) वायरस से होने वाला श्वसन संक्रमण है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और थकान शामिल हैं। कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में यह गंभीर जटिलताओं का कारण भी बन सकता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा इससे पहले जुलाई में डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए दिल्ली की तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं। उस समय उन्होंने केंद्र, दिल्ली सरकार, नगर निगम, स्वास्थ्य संस्थानों और फ्रंटलाइन वर्कर्स के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया था।
इस समीक्षा से H1N1 मामलों पर नियंत्रण रखने और संभावित बढ़ोतरी से निपटने के लिए केंद्र व दिल्ली सरकार की तैयारियों को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।