स्वास्थ्य सुविधाओं को नई गति देने मैदान में उतरे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, GMC-हमीदिया के निर्माण कार्यों की ली जानकारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल, 8 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (GMC) एवं हमीदिया चिकित्सालय परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने पुराने ओपीडी भवन के ध्वस्तीकरण का कार्य जल्द पूरा करने और नवीन ओपीडी भवन का निर्माण तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमला नेहरू चिकित्सालय में स्थापित किए जा रहे पेट-सीटी स्कैन के स्थल का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
श्री शुक्ल ने रेडियोथेरेपी विभाग में निर्माणाधीन लीनियर एक्सीलरेटर बंकर का निरीक्षण किया। उन्होंने मशीन के क्रय और स्थापना से संबंधित आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य को आगे बढ़ाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने ईदगाह हिल्स में निर्माणाधीन पीजी हॉस्टल की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाउंड्री वॉल, पानी और विद्युत कनेक्शन से जुड़े कार्य दो माह में पूर्ण कर हॉस्टल को प्रारंभ करने के निर्देश दिए। गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के नवीन यूजी हॉस्टल का निर्माण भी दो माह में पूरा करने को कहा।
उन्होंने मॉर्चुरी के निर्माण कार्य को एक माह के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं अध्यक्ष, कार्यकारिणी समिति, गांधी चिकित्सा महाविद्यालय स्वशासी समिति, भोपाल डॉ. सलोनी सिडाना, अधिष्ठाता गांधी चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. कविता सिंह, संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक हमीदिया चिकित्सालय डॉ. सुनीत टंडन सहित पीआईयू के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।