राज्य

स्वास्थ्य विभाग में वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग, बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 7 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
स्वास्थ्य विभाग में वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग, बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखा पत्र, एनएचएम और स्वास्थ्य विभाग में 10 वर्षों के करीब 6 हजार करोड़ के आवंटन-व्यय की जांच, फॉरेंसिक ऑडिट और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

Short Headline: स्वास्थ्य विभाग में वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग, बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

07 अक्टूबर, रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग में पिछले दस वर्षों के वित्तीय आवंटन, खर्च और खरीद से जुड़ी कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने धनबाद में वर्ष 2019 में दर्ज भ्रष्टाचार के मामले का हवाला देते हुए कहा कि केंद्र से प्राप्त 11 करोड़ रुपये से अधिक की राशि में करीब 6 करोड़ 97 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है।

श्री मरांडी ने कहा कि कथित अनियमितताओं की जांच केवल संबंधित संविदाकर्मी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि भुगतान की स्वीकृति, खातों के संचालन, व्यय के सत्यापन और निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांची जानी चाहिए। उन्होंने पिछले दस वर्षों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग के करीब 6 हजार करोड़ रुपये के आवंटन और उपयोग की सभी 24 जिलों में समग्र जांच की मांग की है।

पत्र में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद, सॉफ्टवेयर एवं आईटी परियोजनाओं, लेखापरीक्षा आपत्तियों और विधानसभा में दी गई सूचनाओं का भी सत्यापन कराने का आग्रह किया गया है। बाबूलाल मरांडी ने सीबीआई या स्वतंत्र विशेष जांच दल से जांच, फॉरेंसिक ऑडिट, वित्तीय और डिजिटल अभिलेखों को सुरक्षित रखने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने जांच की स्पष्ट समयसीमा तय कर कार्रवाई प्रतिवेदन विधानसभा के समक्ष रखने और उन्हें भी लिखित रूप से अवगत कराने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।