खेल

तहसीलदार ने पधेची व भरांडी स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
तहसीलदार ने पधेची व भरांडी स्कूलों का किया औचक निरीक्षण

तहसीलदार ने नशे से दूर रहकर पढ़ाई और खेलों पर ध्यान देने का किया आह्वान

सितंबर 18, शिमला (हिमाचल प्रदेश): सहायक आयुक्त राजस्व एवं तहसीलदार जुन्गा कार्तिकेय शर्मा ने जुन्गा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय पधेची तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला भरांडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया और कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया।

तहसीलदार ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा उनकी रुचियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पाठ्यक्रम संबंधी तैयारियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों को लेकर भी जानकारी ली। विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने तथा विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्तिकेय शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशे से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश और समाज का भविष्य हैं तथा जीवन में सफलता हासिल करने के लिए उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का संतुलित और उपयोगी ढंग से इस्तेमाल करने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छोटी उम्र में विकसित की गई अच्छी आदतें भविष्य में सफलता की मजबूत नींव तैयार करती हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा उनकी प्रगति के संबंध में जानकारी लेते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

तहसीलदार द्वारा विद्यार्थियों के साथ किए गए सीधे संवाद से बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।