टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी, जांच में जुटीं 15 टीमें
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 19, नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कल मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। घटना में टाइगर सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो रिक्शा चालक घायल हो गए। मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस ने क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की 15 टीमें गठित की हैं।
पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से घटना की जानकारी ली और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात कर उन्हें सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, फडणवीस ने अभिनेता से कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, हालांकि पुलिस ने इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस गोलीबारी की परिस्थितियों, हमलावरों की संख्या और घटना के पीछे की वजह का पता लगा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
FILE PHOTO