तकनीकी कर्मी का दर्जा देने की मांग की गई, सौंपा पत्र

किसान सलाहकारों से तकनीकी कार्य कराए जाने के मामले को लेकर बिहार राज्य किसान सलाहकार संघ की जिला इकाई ने कृषि विभाग के समक्ष मांग रखी है। संघ के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने जिला कृषि पदाधिकारी को पत्र देकर किसान सलाहकारों को तकनीकी कर्मी की मान्यता का स्थानीय पत्र निर्गत करने की मांग की है।
संघ ने पत्र में कहा है कि नियमावली के तहत किसान सलाहकार तकनीकी कर्मी नहीं हैं। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर उनसे क्रॉप कटिंग, एफआर, डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) समेत कई तकनीकी कार्य कराए जा रहे हैं।
संघ का कहना है कि किसान सलाहकारों का चयन वर्ष 2010-11 में पंचायत स्तर पर विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं किसानों तक जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया था। संघ ने कहा कि तकनीकी कार्यों का लगातार विस्तार होने के बावजूद किसान सलाहकारों को तकनीकी कर्मी की मान्यता नहीं दी गई है।
इसके बावजूद वे विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए तकनीकी कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। पत्र में तत्कालीन कृषि उत्पादन आयुक्त के 17 जनवरी 2011 के ज्ञापांक का भी उल्लेख करते हुए कहा गया है कि किसान सलाहकारों को तकनीकी मान्यता दिए जाने की व्यवस्था स्पष्ट की जानी चाहिए।
संघ ने कृषि पदाधिकारी से किसान सलाहकारों को तकनीकी मान्यता का पत्र जारी करने का अनुरोध किया है।
📡 स्रोत: NewsData.io