तेज रफ्तार ट्रक पेड़ से टकराया:ड्राइवर 2 घंटे केबिन में फंसा, कटर-जेसीबी से निकाला
सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम चमराडोल में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद चालक को बाहर निकाला गया।
घायल चालक को 108 एंबुलेंस से मझौली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पेड़ से टकराते ही केबिन में फंसा चालक हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। ट्रक तेज रफ्तार में जा रहा था। चमराडोल के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। कटर-ड्रिल से काटा ट्रक, जेसीबी से हटाए पुर्जे हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। चालक को निकालने के लिए जेसीबी, ड्रिल और कटर की मदद ली गई।
ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर रास्ता बनाया गया और भारी पुर्जों को जेसीबी से हटाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। घायल चालक की पहचान भोपाल निवासी मोहम्मद इकराम (65) के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
ग्रामीणों की मदद से उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए मझौली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू स्थानीय व्यक्ति मिस्टर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। चालक की हालत देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुटे और रेस्क्यू में सहयोग किया। मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। चालक को अस्पताल भेज दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत सुरक्षित बताई जा रही है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
📡 स्रोत: NewsData.io