अपराध

टेंडर, रिश्वत और मनी ट्रेल, DJB केस में सत्येंद्र जैन पर शिकंजा

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 19 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

अगस्त 19, नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े टेंडर अनियमितता मामले में दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले के एक अन्य आरोपी और दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। सत्येंद्र जैन समेत छह आरोपियों को एंटी करप्शन ब्रांच ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। बुधवार को सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया।

मामला दिल्ली जल बोर्ड के STP के विस्तार और अपग्रेडेशन से जुड़े टेंडरों में कथित अनियमितताओं का है। ACB के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया में शर्तों और तकनीकी मानकों में कथित तौर पर बदलाव कर एक खास कंपनी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की गई।

मामले में सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व CEO उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के मालिक पंकज वर्मा को आरोपी बनाया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, मामला 2022 में जारी चार बड़े टेंडरों से जुड़ा है। इन टेंडरों की कुल कीमत करीब 1,943 करोड़ रुपये बताई गई है और इनका संबंध दिल्ली के कई STP की क्षमता बढ़ाने तथा उन्हें अपग्रेड करने से था। उस समय सत्येंद्र जैन दिल्ली के जल मंत्री के साथ दिल्ली जल बोर्ड के चेयरमैन भी थे।

ACB की जांच में कथित वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। एजेंसी के अनुसार, टेक्नोलॉजी प्रदाता कंपनी Euroteck से कथित रिश्वत की रकम AN Enterprises तक पहुंची और इसके बाद Srijanhar तथा अन्य माध्यमों से रकम के लेन-देन की कड़ियों की जांच की गई है।

मामले में आरोप है कि कथित रिश्वत की रकम का इस्तेमाल अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया। सत्येंद्र जैन ने अदालत में आरोपों से खुद को अलग बताया है और कहा है कि टेंडर की तकनीकी प्रक्रिया में उनकी भूमिका नहीं थी। अदालत ने आरोपियों की जमानत अर्जियों पर सुनवाई के लिए 25 अगस्त की तारीख तय की है।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका भी अदालत ने खारिज कर दी है। इस मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं। सत्येंद्र जैन ने ACB की कार्रवाई को पंजाब चुनाव से जोड़कर सवाल उठाए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने मामले को झूठा बताया है।

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।