तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद कई झटके दर्ज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 23, नई दिल्ली: तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप के बाद कई इलाकों में भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई हैं। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात 8 बजकर 3 मिनट पर तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी गहराई 15 किलोमीटर थी।
इसके बाद चीन और तिब्बत में कई झटके दर्ज किए गए। रात 8 बजकर 29 मिनट पर चीन में 5.2 तीव्रता, 8 बजकर 42 मिनट पर तिब्बत में 5.0 तीव्रता और रात 9 बजकर 9 मिनट पर 5.0 तीव्रता का भूकंप आया।
इसी दौरान लद्दाख और अरुणाचल प्रदेश के आसपास भी भूकंपीय गतिविधियां दर्ज हुईं। रात 9 बजकर 15 मिनट पर हानले, लद्दाख से 673 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में 5.0 तीव्रता का झटका आया। वहीं, रात 9 बजकर 27 मिनट पर पांगिन, अरुणाचल प्रदेश से 498 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके बाद 4.8, 4.6, 4.9 और 4.7 तीव्रता के कई झटके भी आए।
NCS के मुताबिक, 23 अक्टूबर को आधी रात के बाद भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। रात 12 बजकर 1 मिनट पर तिब्बत और 12 बजकर 35 मिनट पर चीन में 4.3 तीव्रता के भूकंप आए। सुबह 2 बजकर 6 मिनट पर चीन में 4.5 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया।
इसके अलावा, म्यांमार में मणिपुर के उखरुल के पास 3.5 और 3.3 तीव्रता के भूकंप आए, जबकि हिमाचल प्रदेश में शिमला के पास 2.7 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया। पाकिस्तान में 4.9 और अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता के भूकंप भी रिकॉर्ड किए गए।
सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर तिब्बत में 4.4 और 6 बजकर 5 मिनट पर चीन में 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ। NCS के अनुसार, इन घटनाओं की गहराई अलग-अलग रही। हालांकि, सभी झटकों को तिब्बत में आए मुख्य भूकंप का आफ्टरशॉक मानने की पुष्टि नहीं हुई है।