राज्य

टीबी मुक्त भारत से जुड़ेगी युवा शक्ति

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
टीबी मुक्त भारत से जुड़ेगी युवा शक्ति

टीबी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए देशभर में ‘जोश’ टीमों का शुभारंभ किया गया। राजस्थान के 7 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत युवा घर-घर पहुंचकर टीबी के प्रति जागरूक करेंगे।

जयपुर, 8 अक्टूबर। टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘जोश’ यानी जाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ के दौरान कहा कि टीबी के खिलाफ अभियान में सरकार के साथ समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और समाज तक पहुंचने की क्षमता का उपयोग टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने में किया जाएगा। जोश टीमें लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और पूरा इलाज कराने के लिए जागरूक करेंगी। साथ ही टीबी से जुड़े भ्रम और भेदभाव को दूर करने में भी सहयोग करेंगी।

पहले चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में जोश टीमों की शुरुआत की जा रही है। राजस्थान में भी इस अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य भवन, जयपुर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में अधिकारियों और चिकित्सकों ने राष्ट्रीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

7 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट

राजस्थान में पहले चरण में अलवर, बारां, बांसवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और राजसमंद जिलों में जोश टीमों का पायलट शुभारंभ किया गया। अन्य जिलों में भी जिला स्तरीय लॉन्च और ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान माय भारत वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स और अन्य प्रतिभागियों ने टीबी मुक्त भारत की शपथ ली।

ब्लॉक स्तर पर काम करेंगी टीमें

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर जोश टीम में 5 माय भारत वॉलंटियर्स और 5 एनसीसी कैडेट्स शामिल होंगे। टीम का नेतृत्व नामित क्लास-1 अधिकारी करेंगे। ये टीमें लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार की जानकारी देने के साथ समय पर जांच और इलाज के लिए प्रेरित करेंगी।

प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय भागीदारी से टीबी के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूती मिलेगी। उन्होंने टीबी मुक्त भारत का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग के लिए माय भारत वॉलंटियर्स को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, माय भारत के अधिकारी एवं स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।