खेल

टीबी उन्मूलन के लिए ‘जॉश स्क्वॉड’ घर-घर करेगी जागरूकता, 11-12 अक्तूबर तक रेल सेवा बहाल होने की उम्मीद

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 8 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
टीबी उन्मूलन के लिए ‘जॉश स्क्वॉड’ घर-घर करेगी जागरूकता, 11-12 अक्तूबर तक रेल सेवा बहाल होने की उम्मीद

अक्तूबर 08, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ‘जॉश’ की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कांगड़ा-चंबा लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि देश को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में अब अंतिम चरण की ओर बढ़ते हुए जनभागीदारी को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य, युवा एवं खेल तथा रक्षा मंत्रालय के सहयोग से जॉश स्क्वॉड का गठन किया गया है।

इसमें एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, माय भारत के वालंटियर्स और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि ये टीमें घर-घर जाकर टीबी के संभावित मरीजों की पहचान करने, उपचार में सहयोग देने और लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि देश टीबी के खिलाफ करीब 90 प्रतिशत तक सफलता हासिल कर चुका है और अब अंतिम प्रहार के लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है।

कांगड़ा घाटी रेल सेवा को लेकर सांसद ने बताया कि उन्होंने हाल ही में डीआरएम के साथ प्रभावित रेल ट्रैक का करीब तीन से चार किलोमीटर तक निरीक्षण किया। ट्रैक की मरम्मत का काम काफी हद तक पूरा हो चुका है और 11 या 12 अक्तूबर के आसपास रेल सेवा बहाल होने की उम्मीद है। वहीं, रानीताल-घट्टा टोल बैरियर और फोरलेन की स्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि एनएचएआई परियोजनाओं की समीक्षा के लिए बिलासपुर में बैठक प्रस्तावित है।

इसमें स्थानीय लोगों की समस्याओं और टोल दरों से जुड़े मुद्दों को केंद्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

बाईट: डॉ. राजीव भारद्वाज, लोकसभा सांसद, कांगड़ा-चंबा

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।