ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर श्रद्धालु की मौत:कासगंज में गंगा स्नान कर लौट रहा था, बैठे-बैठे नींद की झपकी आने से गिरा
कासगंज में गंगा स्नान कर लौट रहे 65 वर्षीय वृद्ध श्रद्धालु की ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा सदर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान एटा जिले के नगला गोजिया गांव निवासी छोटेलाल (65) पुत्र मुंशीलाल के रूप में हुई है।
वह सोमवार तड़के वीरमपुर निवासी प्रवीण के नए ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आसपास के करीब 35 अन्य लोगों के साथ गंगा स्नान के लिए कासगंज आए थे। स्नान के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। कासगंज नगर के मिशन चौराहे के पास ट्रैक्टर पर आगे बैठे छोटेलाल को नींद की झपकी आ गई।
झपकी आने से वह अचानक ट्रैक्टर से नीचे गिर गए और ट्रैक्टर व ट्रॉली के बीच आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथियों ने तुरंत घायल छोटेलाल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
📡 स्रोत: NewsData.io