ट्रक के टायर में मिला 75 लाख रुपये से ज्यादा का गांजा

गरियाबंद।, 19 अगस्त 2026 ‘ऑपरेशन निश्चय’ अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, इसके साथ ही ट्रक के टायर के अंदर से 75 लाख रुपये से ज्यादा का गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मेटाडोर में अवैध गांजा देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेक पोस्ट पर तैनात जवान संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मेटाडोर को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान मेटाडोर के छह टायरों के अंदर फिल्मी अंदाज में छिपाकर रखा गया 151.50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 75 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई। पुलिस ने मौके से मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के रोहित पांडेय और ओडिशा के कालाहांडी जिले के रमेश नायक को गिरफ्तार किया।