देश

UGC-NET के 3 पेपर का 9-10 सितंबर को री-एग्जाम

लेखक: DD News अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
UGC-NET के 3 पेपर का 9-10 सितंबर को री-एग्जाम

अगस्त 17, नई दिल्ली: UGC-NET जून 2026 की परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने बड़ा फैसला लिया है। अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र—इन तीन विषयों की परीक्षा अब दोबारा आयोजित की जाएगी। NTA के मुताबिक, इन तीनों प्रश्नपत्रों की विस्तृत समीक्षा के बाद बड़ी संख्या में ऐसी खामियां सामने आईं, जिन्हें सिर्फ कुछ सवाल हटाकर या आंसर-की में सुधार करके ठीक करना संभव नहीं था।जांच में तथ्यात्मक, टंकण और अनुवाद संबंधी कई गलतियां मिलीं। कई प्रमुख विद्वानों के नाम गलत लिखे गए थे। कई किताबों के शीर्षक बिगड़े हुए थे। प्रश्नों के मूल कथन यानी स्टेम में गलतियां थीं। व्याकरण संबंधी अशुद्धियां थीं। लिंग और वचन के सामंजस्य में गलतियां थीं। विराम-चिह्नों का भी गलत इस्तेमाल पाया गया। इतना ही नहीं, स्थापित अवधारणाओं के लिए गैर-मानक, गढ़े हुए शब्दों का इस्तेमाल भी सामने आया। और सबसे अहम बात—पिछले वर्षों में पूछे जा चुके सवालों की भी बड़ी संख्या में पुनरावृत्ति मिली।इसीलिए NTA ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र के पेपर 9 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा कराने का फैसला किया है। इन तीन विषयों की पहले परीक्षा दे चुके उम्मीदवारों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।NTA ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप, सहायक प्रोफेसर पद की पात्रता और PhD कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए कुल 87 विषयों में UGC-NET जून 2026 परीक्षा का आयोजन 22 से 30 जून 2026 के बीच किया था। (Source: @NTA_Exams)

D
DD News

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।