‘उज्बेकिस्तान में दिखा भारतीय संस्कृति के प्रति बढ़ता लगाव’, ताशकंद दौरा याद कर बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ताशकंद दौरे को याद करते हुए कहा कि इस यात्रा ने दिखाया कि उज्बेकिस्तान में भारत की संस्कृति, इतिहास, भाषाओं और विचारों के प्रति लोगों का लगाव लगातार बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट में ताशकंद यात्रा की यादों का जिक्र किया।
उन्होंने इसकी एक वीडियो भी साझा की है, पीएम मोदी ने पोस्ट में लिखा, ”ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के महात्मा गांधी सेंटर का कल का दौरा कई वजहों से खास और रोचक रहा। भारत से जुड़े अध्ययन (इंडोलॉजी) का एक जीवंत और सक्रिय माहौल देखने को मिला।
भारत के बारे में जानने और समझने के लिए छात्रों और शिक्षकों में गहरा उत्साह नजर आया। महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर काफी व्यापक और सराहनीय काम किया जा रहा है। तमिल भाषा और संस्कृति के प्रति भी बढ़ती रुचि देखने को मिली। छात्रों ने मेरी लिखी कुछ कविताओं की पंक्तियां भी सुनाईं, जो मेरे लिए एक बहुत ही खास अनुभव रहा।”
पीएम मोदी ने ताशकंद यात्रा के दौरान शास्त्री मेमोरियल पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। लाल बहादुर शास्त्री ने 9 जून 1964 से 11 जनवरी 1966 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया।
उन्होंने लोकप्रिय राष्ट्रीय नारा ‘जय जवान, जय किसान’ दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हम एक ऐसे महान राजनेता को याद करते हैं जिनकी राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहती है।” उन्होंने ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों के पूरे आयाम की समीक्षा की।
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा और सुरक्षा, नवाचार और स्टार्टअप, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और यूपीआई, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, अंतरिक्ष और जन-संबंधों पर व्यापक चर्चा की गई।