उज्जैन में हत्या के आरोपियों का जुलूस:मौका मुआयना कराने ले गई पुलिस, जमकर पिटाई, 7 आरोपी गिरफ्तार; हॉर्न बजाने पर हुआ था विवाद
उज्जैन के दमदमा क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को शनिवार दोपहर माधव नगर थाना पुलिस मौका मुआयना कराने घटनास्थल पर लेकर गई। पुलिस आरोपियों को पैदल घटनास्थल तक ले गई। इस दौरान आरोपियों की पिटाई का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे माफी मांगते नजर आए।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को शेष तीन आरोपियों को भी हिरासत में लेने का दावा किया गया। दरअसल, ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी यश पिता विजय नारायण मित्तल (27) चिमनगंज मंडी में ट्रैक्टर शोरूम संचालित करता था। यश अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहा था।
इसी दौरान दमदमा मोड़ के पास आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू समेत कुछ युवक वाहन लेकर रास्ते में खड़े थे। यश और उसके दोस्तों ने रास्ते से हटने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने यश और उसके दोस्तों अभय व्यास व मंगल पर हमला कर दिया।
मारपीट में यश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। चार आरोपियों को मौका मुआयना कराने ले गई पुलिस माधव नगर थाना पुलिस ने विजय पिता नारायण सिंह ठाकुर (29), करण पिता राजेश गाठिया (21), विशाल पिता नारायण सिंह ठाकुर (32) और सागर पिता रतन सिंह तनोरिया (31) को मौका मुआयना कराने घटनास्थल पर लेकर गई।
पुलिस आरोपियों को पैदल घटनास्थल तक ले गई। इसी दौरान उनकी पिटाई की गई। आरोपी पुलिस के सामने माफी मांगते नजर आए। माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि हत्या के मामले में चार आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल शेष तीन आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।
📡 स्रोत: NewsData.io