राज्य

उज्जैन- जिला पंचायत सीईओ श्री कुमट ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

लेखक: AIR Bhopal अंतिम अपडेट: 27 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उज्जैन- जिला पंचायत सीईओ श्री कुमट ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सीईओ श्रेयंश कुमट ने विशेष रूप से तृतीय तिमाही की हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके त्वरित व समयबद्ध उपचार तथा निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

उन्होंने बर्थ वेटिंग रूम का निरीक्षण कर दूर-दराज से आने वाली गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों के लिए भोजन, पेयजल, स्वच्छता तथा विश्राम की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। आयुष विंग का राउंड लेते हुए वहाँ उपलब्ध औषधियों एवं पंचकर्म/आयुर्वेदिक पद्धतियों का जायजा लिया गया।

साथ ही एनआरसी में भर्ती कुपोषित बच्चों की देखभाल, उनकी डाइट चार्ट, वजन ट्रैकिंग तथा माताओं को दिए जाने वाले पोषण आहार की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। अस्पताल में मरीजों एवं परिजनों के सुगम आवागमन के लिए लिफ्ट की कार्यप्रणाली तथा परिसर में जलभराव रोकने एवं स्वच्छता बनाए रखने हेतु ड्रेनेज व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

ओपीडी में मरीजों की कतार प्रबंधन, डॉक्टरों की उपस्थिति एवं दवा वितरण कक्ष की व्यवस्था के साथ ही आइसोलेशन वार्ड में संक्रमण नियंत्रण तथा आवश्यक जीवन रक्षक संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।

सीईओ ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रसूति विभाग में आने वाली महिलाओं तथा एनआरसी में भर्ती बच्चों को किसी भी स्थिति में इलाज में देरी या असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने समयबद्ध एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

A
AIR Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।