उज्जैन- कलेक्टरकी अध्यक्षता में जिला चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति की कार्यकारिणी बैठक संपन्न

कलेक्टर श्री सिंह ने जनहित एवं सिंहस्थ-2028 के अंतर्गत भविष्य में उपचार के लिए आने वाले मरीजों की भीड़ को देखते हुए बीडीसी कंपनी से 04 बोरिंग करवाए जाने के निर्देश दिए।
साथ ही एनआईसी भोपाल से संचालित ई-हॉस्पिटल सॉफ्टवेयर में टीएमटी, पीएफटी एवं ईको के लिए जारी आदेश के अनुरूप रुपये जमा करने का मॉड्यूल शीघ्र जोड़ने के सख्त निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा अनुमानित आय-व्यय वर्ष 2026-27 एवं वास्तविक आय-व्यय वर्ष 2025-26 को पारित किया गया तथा नवीन आय के स्रोतों की तलाश करने के आदेश दिए गए।
बैठक में एजेंडा पर चर्चा करते हुए नवीन टीन शेड कैंटीन के सामने उपलब्ध खाली स्थान पर किसी संस्थान के सहयोग से निर्माण कर उपचाररत मरीजों के आगंतुकों के भोजन एवं आराम के लिए विकसित करने का निर्णय लिया गया।
चरक भवन एवं परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का थर्ड पार्टी तकनीकी मूल्यांकन करवाए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी घटना पर पैनी नजर रखी जा सके। सर्वसम्मति से ओपीडी/आईपीडी रसीदों में प्रदेश के एचएमआईएस निर्देशों के पश्चात् वृद्धि करने का निर्णय लिया गया।
एनक्यूएएस री-सर्टिफिकेशन हेतु साइनज/फ्लेक्स बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई। ई-हॉस्पिटल सेवा हेतु नवीन काउंटर निर्माण का प्राकलन नियमानुसार प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जारी आउटसोर्स सेवाओं की निविदाओं को शीघ्र नियमानुसार क्रियान्वित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
चरक भवन में होने वाले इलेक्ट्रिकल/सिविल कार्यों के लिए वार्षिक एएमसी करवाने हेतु स्वास्थ्य विभाग की उप यंत्री श्रीमती नेहा निर्मल को आदेशित किया गया। जनता के लिए परिसर में नवीन फ्रेश रूम्स की स्थापना एवं कचरा संग्रहण गाड़ी/कंटेनर नगर निगम उज्जैन से उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।