राज्य

उज्जैन- मार्ग चौड़ीकरण, ब्रिज और अंडरपास निर्माण कार्यों में तेजी लाएं : संभागायुक्त श्री सिंह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उज्जैन- मार्ग चौड़ीकरण, ब्रिज और अंडरपास निर्माण कार्यों में तेजी लाएं : संभागायुक्त श्री सिंह

बुधवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा प्रस्तावित रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग चौड़ीकरण कार्य, गदापुलिया चौराहा पर प्रस्तावित अंडरपास तथा हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भूजा के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।

संभागायुक्त आशीष सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों की गति बढ़ाएं, ताकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार सिंहस्थ-2028 से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जा सकें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा विभागीय समस्या आने पर तत्काल संबंधित विभागों से समन्वय कर उसका समाधान सुनिश्चित करें, जिससे कार्य की गति प्रभावित न हो।

पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन द्वारा प्रस्तावित गदापुलिया चौराहा अंडरपास निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अंडरपास की कार्ययोजना यातायात की सुगमता को ध्यान में रखते हुए तैयार की जाए, ताकि सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके बाद नगर निगम द्वारा प्रस्तावित गदापुलिया से रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। संभागायुक्त श्री सिंह ने मार्ग चौड़ीकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।