राज्य

उज्जैन : पंचकोशी मार्ग को हरित, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने व्यापक पौधारोपण अभियान संचालित

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 21 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उज्जैन : पंचकोशी मार्ग को हरित, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने व्यापक पौधारोपण अभियान संचालित

पंचकोशी मार्ग बनेगा आकर्षक ग्रीन कॉरिडोर 50 हजार ऊंचे पौधों से सजेगा यात्रा का पवित्र पथ 12 उपवन भी बनाए जाएंगे

उज्जैन कलेक्टर श्री रौशन कुमार के मार्गदर्शन में सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए पंचकोशी मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों को हरित, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

मार्ग पर 10 से 12 फीट ऊंचाई के लगभग 50 हजार पौधे रोपे जा रहे हैं तथा साथ ही 12 उपवनों का निर्माण भी किया जा रहा है। पंचकोशी मार्ग से सटे गांवों में शांति वन विकसित कर पौधारोपण कार्य प्रगति पर है।

यह अभियान विभिन्न विभागीय मदों के साथ जनभागीदारी से संचालित हो रहा है, जिससे स्थानीय नागरिक पर्यावरण संरक्षण की इस महत्वपूर्ण पहल से सीधे जुड़ रहे हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए अस्बेस्टस ट्री गार्ड लगाए जा रहे हैं।

इन ट्री गार्ड पर भगवान श्री महाकाल मंदिर एवं पंचकोशी मार्ग से जुड़े आकर्षक चित्रों की ब्रांडिंग की जा रही है, जिससे पौधों की सुरक्षा के साथ-साथ मार्ग की सौंदर्य एवं धार्मिक आभा भी बढ़ेगी।

पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों, समितियों एवं गांव के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा निभाई जा रही है।

इसके अतिरिक्त, पंचकोशी मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुखद पंचकोशी यात्रा का अनुभव मिल सके।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य पंचकोशी मार्ग को हरित कॉरिडोर के रूप में विकसित करना तथा पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और स्वच्छ-सुंदर उज्जैन के संकल्प को साकार करना है।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।