खेल

उज्जैन- राज्य स्तरीय महिला बैडमिंटन स्पर्धा सम्पन्न, डीएवीवी इंदौर ने जीता खिताब

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उज्जैन- राज्य स्तरीय महिला बैडमिंटन स्पर्धा सम्पन्न, डीएवीवी इंदौर ने जीता खिताब

रोमांचक फाइनल मुकाबले में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी), इंदौर की टीम ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय, भोपाल की टीम उपविजेता रही। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 विश्वविद्यालयों की महिला खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अपने उद्बोधन में सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में निरन्तर विकास हो रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी का परिणाम है कि गाँवों और छोटे कस्बों से आने वाले खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर ओलंपिक जैसे अन्तरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरन्तर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्वागत भाषण में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा उज्जैन को उपलब्ध कराई गई खेल सुविधाएँ खिलाड़ियों के लिए अत्यन्त उपयोगी सिद्ध हो रही हैं। इन्हीं सुविधाओं के फलस्वरूप इस स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन सम्भव हो सका। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के अनुभवों एवं फीडबैक को ध्यान में रखते हुए भविष्य में आयोजन को और अधिक उत्कृष्ट बनाने के प्रयास किए जाएँगे। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. एच.एल. अनिजवाल ने कहा कि बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे, तो वे निश्चित रूप से अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए सोपान तय करेंगी। खेल न केवल शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व और संघर्ष की भावना भी विकसित करते हैं।

समारोह का सफल संचालन डॉ. कविता मंगलम ने किया तथा आभार प्रदर्शन महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी घनेंद्र चौधरी ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय की आयोजन समिति, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं समस्त आयोजन दल का विशेष योगदान रहा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता ने महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने और खेल भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।