राज्य

उज्जैन- श्री कालभैरव एवं श्री मंगलनाथ मंदिर विकास कार्यों का संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किया निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उज्जैन- श्री कालभैरव एवं श्री मंगलनाथ मंदिर विकास कार्यों का संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने किया निरीक्षण

संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सर्वप्रथम श्री कालभैरव मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कालभैरव के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किए। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, दर्शन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को इस प्रकार विकसित करने पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके।

इसके बाद संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने श्री मंगलनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान श्री मंगलनाथ के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किए। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संभागायुक्त श्री सिंह ने मंदिर समिति के अधिकारियों को मंदिर के शिखर निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

साथ ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि श्री कालभैरव मंदिर एवं श्री मंगलनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसरों के समग्र विकास के लिए विभिन्न कार्य प्रस्तावित है। इनमें वाहन पार्किंग व्यवस्था, वेटिंग हॉल, फूल-प्रसादी एवं खान-पान की दुकानों की व्यवस्थित व्यवस्था तथा मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य शामिल है। सिंहस्थ महापर्व-2028 के दृष्टिगत इन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं के विस्तार एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया जा रहा है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।