यूपी के अयोध्या में पर्यटन को नई सौगात, सरयू में दौड़ा इलेक्ट्रिक क्रूज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव से पहले पर्यटन सुविधाओं को नई सौगात मिली है। सरयू नदी में इलेक्ट्रिक क्रूज का संचालन शुरू हो गया है। गुरुवार को अयोध्या मंडल के कमिश्नर राजेश कुमार ने क्रूज का उद्घाटन कर इसकी शुरुआत की। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह क्रूज पूरी तरह इलेक्ट्रिक है।
इसमें डीजल का इस्तेमाल नहीं होगा, जिससे प्रदूषण भी नहीं होगा। पिछले साल इसका ट्रायल किया गया था, जबकि इस बार पर्यटन सीजन को देखते हुए इसका संचालन शुरू किया गया है। योजना के मुताबिक क्रूज गुप्तार घाट से कच्चा घाट तक चलेगा। इससे पर्यटक सरयू नदी में सैर करने के साथ ही अयोध्या के खूबसूरत घाटों और धार्मिक स्थलों का नजारा भी देख सकेंगे।
वहीं, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरयू आरती के प्रतिभागियों का रिहर्सल शुरू हो गया है, जबकि ड्रोन शो का ट्रायल भी किया जा रहा है।