राजनीति

यूपी के बरेली में क्षेत्रीय माटीकला मेले का शुभारम्भ, विधायक संजीव अग्रवाल ने किया उद्घाटन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के बरेली में क्षेत्रीय माटीकला मेले का शुभारम्भ, विधायक संजीव अग्रवाल ने किया उद्घाटन

देश की माटीकला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली में क्षेत्रीय माटीकला मेला-2026 का शुभारम्भ किया गया। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से आयोजित सात दिवसीय मेले का उद्घाटन बरेली कैंट से भाजपा विधायक संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और शिल्पकारों से उनके उत्पादों की जानकारी ली।

उन्होंने माटीकला शिल्पकारों और प्रजापति समाज के लोगों को पारंपरिक कला को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।मेले में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शिल्पकारों ने मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, कुल्हड़, सुराही, मिट्टी के खिलौने और गमलों सहित कई उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं।

यहां उत्पादों की बिक्री के साथ उनका प्रदर्शन भी किया जा रहा है। इस अवसर पर आठ लाभार्थियों को दोना-पत्तल बनाने की मशीनें भी वितरित की गईं।विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि दीपावली से पहले आयोजित यह मेला शिल्पकारों को अपनी कला और उत्पादों को पहचान दिलाने का बेहतर अवसर प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से मिट्टी के बर्तनों का इस्तेमाल करने और पारंपरिक संस्कृति से जुड़े रहने की अपील की।वहीं, प्रजापति एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं अधिवक्ता पूरनलाल प्रजापति ने 'मिट्टी से संस्कृति और मिट्टी से समृद्धि' के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि माटीकला भारत की प्राचीन विरासत है और दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने से त्योहार की पारंपरिक पहचान बनी रहती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।