यूपी के बरेली में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बरेली में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण जारी है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाए और उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए, ताकि फील्ड में आंकड़े एकत्र करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तिलक इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज और सीबीगंज स्थित आईटीआई समेत विभिन्न केंद्रों पर चल रहा है।
प्रत्येक कक्ष में करीब 40 से 50 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य को गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।इस दौरान 16 से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्व-गणना अभियान को सफल बनाने की जानकारी भी दी जा रही है।
कर्मचारियों को स्वयं और अपने परिवार की स्व-गणना करने के साथ ही अपने क्षेत्र के लोगों को इसके लिए जागरूक करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि समय से स्व-गणना होने पर जनगणना की आगे की प्रक्रिया आसान होगी। जनगणना के आंकड़े देश के विकास और विभिन्न योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।