अपराध

यूपीः बरेली में म्यूल बैंक खातों से साइबर ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपीः बरेली में म्यूल बैंक खातों से साइबर ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम निकालकर गिरोह तक पहुंचाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान रामपुर निवासी अरुण मौर्य और अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड से पकड़ा।

वहीं, गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी म्यूल बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम निकालते थे। इसके बदले उन्हें पांच हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। जांच में अरुण के एक्सिस बैंक खाते में साइबर ठगी के पांच लाख रुपये आने की बात सामने आई। इसमें से चार लाख रुपये नकद निकाले गए, जबकि 90 हजार रुपये गेमिंग आईडी में ट्रांसफर किए गए।

ठगी की रकम से एप्पल मोबाइल भी खरीदा गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, चेकबुक, चेक, चार आधार कार्ड, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड और तीन बैंक पासबुक बरामद की हैं। एनसीआरपी पोर्टल की जांच में राजस्थान के नाहरगढ़ और घूमरवाली थानों में कुल 6.50 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतें मिलीं।

एसपी क्राइम मनीष सोनकर के मुताबिक, पुलिस फरार आरोपी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

बाइट - मनीष चंद्र सोनकर (एसपी क्राइम)

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।