यूपी कैबिनेट में कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में पशुधन क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने से जुड़े मुद्दों पर खास जोर दिया गया। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि बैठक में एसएलएम के गठन को भी मंजूरी दी गई है।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश दूध उत्पादन के मामले में देश में पहले स्थान पर है। इसके अलावा अंडा, ऊन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी प्रदेश की अहम भूमिका है। हालांकि, इन क्षेत्रों में बेहतर विकास के लिए उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने, डिजिटल प्रबंधन को मजबूत करने और बाजार व्यवस्था को अधिक संगठित बनाने की जरूरत पर जोर दिया गया।
सरकार का लक्ष्य पशुपालन और संबंधित क्षेत्रों को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी में इजाफा करना और ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर तैयार करना है। कैबिनेट से मंजूर प्रस्तावों को प्रदेश के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।