यूपी के गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी ढेर, तीन पुलिसकर्मी घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरेट और क्राइम ब्रांच की टीम ने मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी को मार गिराया है। निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंग नहर पटरी पर पुलिस और बावरिया गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से क्राइम ब्रांच के तीन पुलिसकर्मी विनीत, अमित और हिमांशु घायल हो गए।
तीनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर दो बदमाश मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी अमरोहा का रहने वाला था और डकैती समेत 17 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान हमला करने के मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था।
वहीं, बागपत के खेकड़ा में डकैती के मामले में भी उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा वह हत्या के प्रयास के मामले में भी वांछित था। पुलिस पिछले करीब एक साल से उसकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है।गाजियाबाद के डीसीपी देहात सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक, पुलिस को एक बाइक पर तीन बदमाशों के सवार होने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, जिसके बाद उनकी बाइक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम और वाहनों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी मारा गया, जबकि दो बदमाश फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।