यूपी के गाजियाबाद में रोजगार मेले का आयोजन, 2500 युवाओं ने किया प्रतिभाग, करीब एक हजार को नियुक्ति पत्र मिलने की उम्मीद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित जयपुरिया स्कूल में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का है।
1M1B कंपनी की ओर से युवाओं को प्रशिक्षण देने के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रोजगार मेले में करीब 37 बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया, जिसमें लगभग 2500 युवाओं ने रोजगार के लिए प्रतिभाग किया। इनमें से करीब एक हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने का लक्ष्य रखा गया। कैबिनेट मंत्री ने 10 युवाओं को मौके पर नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
उन्होंने बताया कि आगामी 4 नवंबर को मेवाड़ इंस्टीट्यूट में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर बयानबाजी करना कांग्रेस का पुराना चरित्र रहा है। युवाओं को ‘बजरंगी’ नाम देने के विचार पर उन्होंने कहा कि नाम का बड़ा महत्व होता है और ‘बजरंगी’ शब्द युवाओं में ऊर्जा का संचार करेगा।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी और समाजवादी पार्टी का सफाया हो जाएगा।
रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। युवाओं ने इसे अपने भविष्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। वहीं, 1M1B कंपनी के सीईओ मानव सुबोध ने बताया कि कंपनी युवाओं को नौकरी के साक्षात्कार की तैयारी के लिए प्रशिक्षण देती है, ताकि वे रोजगार के अधिक से अधिक अवसरों का लाभ उठा सकें। कंपनी का प्रयास है कि रोजगार मेले में शामिल करीब 2500 युवाओं को नौकरी के अवसर मिल सकें।
💡 पृष्ठभूमि (Background)
यह खबर गाजियाबाद में आयोजित रोजगार मेले के बारे में है, जहाँ 2500 युवाओं ने भाग लिया और लगभग एक हजार को नौकरी के पत्र मिलने की उम्मीद है। यह विषय युवाओं के लिए रोजगार सृजन और AI आधारित कौशल प्रशिक्षण पर केंद्रित है। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह राज्य सरकार की रोजगार नीति और तकनीकी शिक्षा के समन्वय को दर्शाती है, जिससे युवाओं को बेहतर नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। आम जनता पर इसका असर सकारात्मक है, रोजगार के अवसर बढ़ने से आर्थिक स्थिरता और सामाजिक विकास में योगदान मिलेगा।