अपराध

यूपी के गोरखपुर में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- जमीन कब्जा करना समाजवादी पार्टी के लोगों की प्रवृत्ति

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के गोरखपुर में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले- जमीन कब्जा करना समाजवादी पार्टी के लोगों की प्रवृत्ति

यूपी के गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोड़धोइया नाला परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण और दूसरे चरण का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 495 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई परियोजना के पहले चरण का लोकार्पण किया, जबकि 92 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दूसरे चरण की आधारशिला रखी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 721 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत वाली गोरखपुर सीवरेज योजना जोन-ए3 और गोड़धोइया नाला के किनारे 65 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का भी शिलान्यास किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के साथ कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 10 साल पहले गोरखपुर में चलने का मतलब केंचुए की चाल चलना था।

शहर में गंदगी, बरसात में भीषण जलभराव और माफिया-मच्छरों का आतंक था। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि यह माफिया प्रवृत्ति की पार्टी है और उसके लोगों की प्रवृत्ति जमीनों पर कब्जा करने की रही है।मुख्यमंत्री ने गोरखपुर जेल बाईपास रोड का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय एक प्रतिष्ठित परिवार की दो हवेलियों पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया था।

हालात ऐसे थे कि परिवार ने अपनी दोनों हवेलियां रातोंरात गिरा दीं, ताकि माफिया उन पर कब्जा न कर सकें। उन्होंने आर्यनगर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर विरोध किया था।सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा का माहौल नहीं था। बेटियां स्कूल जाने में सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं और व्यापारी भी सुरक्षित वातावरण में कारोबार नहीं कर पाते थे।

सड़कों की हालत खराब थी और बरसात में गोरखपुर में भीषण जलभराव होता था। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर में जलभराव की समस्या नहीं है और किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की जमीन पर कब्जा करने का दुस्साहस कोई नहीं कर सकता।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ छेड़खानी करने वालों को जेल या जहन्नुम में से किसी एक रास्ते पर जाना पड़ेगा। सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है।संबोधन - योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।