राज्य

यूपीः मथुरा में नशामुक्ति प्रतियोगिता में विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार, कॉलेजों में बनेंगी शोधपीठ

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 21 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपीः मथुरा में नशामुक्ति प्रतियोगिता में विजेता को मिलेगा एक लाख रुपये का पुरस्कार, कॉलेजों में बनेंगी शोधपीठ

मथुरा के बीएसए कॉलेज के श्यामा चरण सभागार में भारतीय ज्ञान परंपरा विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. योगेंद्र उपाध्याय ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने नशामुक्ति विषय पर प्रतियोगिता कराने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले को 50 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के ऐसे महाविद्यालयों में शोधपीठ स्थापित की जाएंगी, जिन्हें बने 50 वर्ष से अधिक हो चुके हैं और जहां पांच हजार से ज्यादा विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और विद्यार्थी केंद्रित बनाने की आवश्यकता बताई।

संगोष्ठी में भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने और उच्च शिक्षा में सुधार पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी आगरा राजेश प्रकाश, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा, डॉ. अनुज गर्ग, डॉ. एसके राय, डॉ. सतीश यादव, डॉ. रवीश शर्मा, डॉ. रुचि अग्रवाल और पार्षद कुलदीप पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

बाइट- डॉ. योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।