अपराध

यूपी के मथुरा में तेज रफ्तार कार का कहर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के मथुरा में तेज रफ्तार कार का कहर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

मथुरा के राया थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव गजू के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में जवाहर सिंह, उनके पुत्र हरवीर सिंह और नाती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।बताया जा रहा है कि जवाहर सिंह अपने पुत्र और नाती के साथ हाईवे किनारे स्थित खेत में पूर्वजों के थान बनवाने का काम करा रहे थे।

इसी दौरान बरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीनों को कुचलते हुए खेत में जा घुसी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। टक्कर के बाद कार करीब 300 मीटर तक खेत में घुसती चली गई।हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में कोहराम मच गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने बरेली-मथुरा हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया और घायल कार चालक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।उधर, मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश भाजपा महामंत्री राजेश चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है।

उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे खुशी के पर्व पर हुई इस हृदयविदारक घटना से वह बेहद दुखी हैं। दुख की इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने सरकार की ओर से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।

बाइट-राजेश चौधरी – विधायक एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री

बाइट-आलोक राज नारायण – एसपी देहात, मथुरा

बाइट-ग्रामीण – हादसे के प्रत्यक्षदर्शी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।