राजनीति

यूपीः मिर्जापुर में अनुप्रिया पटेल का दावा- 2027 में फिर बनेगी NDA सरकार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपीः मिर्जापुर में अनुप्रिया पटेल का दावा- 2027 में फिर बनेगी NDA सरकार

मिर्जापुर में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सदर तहसील परिसर स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एनडीए की लगातार तीसरी बार सरकार बनेगी और गठबंधन हैट्रिक लगाएगा।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उन्हें एनडीए की सरकार बनने को लेकर कोई संदेह नहीं है। गठबंधन के सभी घटक दल अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई बातचीत नहीं हुई है। एनडीए में शामिल पांचों दल आपसी समन्वय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर सीटों का निर्धारण करेंगे।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी साल के 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती है। संगठन की गतिविधियां बढ़ी हैं और पार्टी लगातार लोगों से संपर्क कर रही है। उन्होंने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद पार्टी के कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। अनुप्रिया पटेल ने इसे जनता की आशा और उम्मीद का संकेत बताया।

उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी घटक दल आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने में जुटे हैं।

बाइट- अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय राज्य मंत्री

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।