उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल के युवाओं को रीवा भ्रमण के लिए किया रवाना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कहा- मध्यप्रदेश और विंध्य में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं, युवाओं को प्राकृतिक और धार्मिक स्थलों से कराया जाएगा परिचित
भोपाल, 19 सितंबर। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ‘मां तुझे सलाम’ योजना के तहत रीवा जिले के भ्रमण पर जा रहे भोपाल संभाग के युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम में युवा रीवा के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे।

भ्रमण के दौरान युवा महामृत्युंजय मंदिर, संग्रहालय, मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, पुरवा प्रपात और बसामन मामा गौ अभयारण्य सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण करेंगे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश और विंध्य क्षेत्र में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। रीवा संभाग में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर वन और जलप्रपात हैं। मैहर, चित्रकूट और अमरकंटक जैसे धार्मिक स्थल भी देशभर के लोगों को आकर्षित करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी, पन्ना नेशनल पार्क, संजय टाइगर रिजर्व, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और संजय दुबरी अभयारण्य क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। युवाओं को इन स्थलों का भ्रमण कराने से उन्हें प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री ने रीवा की बेहतर हो रही कनेक्टिविटी का उल्लेख करते हुए कहा कि रीवा चारों ओर से हाईवे से जुड़ा है। यहां रेलमार्ग के साथ पांच प्रमुख शहरों के लिए एटीआर-72 विमान सेवा भी उपलब्ध है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण लोग सप्ताहांत में रीवा आकर आसपास के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं।
उन्होंने रीवा के 750 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां उत्पादित बिजली का उपयोग दिल्ली मेट्रो में किया जा रहा है।
बसामन मामा गौ अभयारण्य का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 9 हजार से अधिक गौवंश को आश्रय देने के साथ प्राकृतिक खेती का मॉडल भी विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि गौपालन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विकास की इस यात्रा में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और युवाओं को प्रदेश की विकास यात्रा तथा उसकी प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना जरूरी है।
संभागीय खेल अधिकारी एमके धौलपुरी ने बताया कि भ्रमण दल में भोपाल संभाग के भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ जिलों के युवा शामिल हैं। दल को दो दिनों तक रीवा जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, राजगोपाल मिश्रचारी, अन्य जनप्रतिनिधि और युवा उपस्थित रहे।