उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जलमग्न क्षेत्रों का दौरा कर लिया स्थिति का जायजा पीड़ित परिवारों के घर पहुंचकर जलभराव से हुए नुकसान का किया प्रत्यक्ष अवलोकन, राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं की ली जानकारी

भोपाल, 21 अगस्त 2026। जिले में बीते दिवस हुई मूसलाधार बारिश के चलते रीवा नगर निगम क्षेत्र के कई निचले एवं प्रमुख मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए। बारिश का पानी रिहायशी इलाकों तक पहुंचने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ।
हालांकि बारिश थमने के बाद अब जलस्तर में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

स्थिति का जायजा लेने के लिए उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल सुबह होते ही स्वयं जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित मोहल्लों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों के घरों तक पहुंचकर जलभराव से हुए नुकसान का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा कि शासन और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की हर कठिनाई को दूर किया जाएगा और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना शासन की पहली प्राथमिकता है।

उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न राहत शिविरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में ठहराए गए प्रभावित लोगों से बातचीत कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि जलभराव वाले मोहल्लों से अविलंब पानी निकासी सुनिश्चित की जाए तथा राहत शिविरों में भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का पर्याप्त प्रबंध रखा जाए।
उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों की गति और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रशासन की टीमें हर आपात स्थिति से निपटने के लिए निरंतर निगरानी बनाए रखें और जहां भी लोग फंसे हों, उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आमजनों से अपील की कि प्राकृतिक आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से संपर्क करें। जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 07662-255143 है, जो हर समय सक्रिय है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र रीवा में भी कंट्रोल रूम सक्रिय है।
नगर निगम का टोल फ्री नंबर 18008899711 है। शहरवासी लैंडलाइन नंबर 07662-254568, 07662-320105, 07662-310346, 07662-320150 और 07662-320329 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की अपील है कि वर्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर बिना देरी किए इन नंबरों पर सूचना दी जाए, ताकि रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सके।
लक्ष्मणबाग गौशाला का निरीक्षण, गौवंशों की सुरक्षा के निर्देश
बीते दिवस हुई बारिश से लक्ष्मणबाग गौशाला में भी जलभराव की स्थिति निर्मित हुई, जिसके कारण गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परिसर के जलभराव वाले हिस्से में किसी भी गौवंश को न रहने दिया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गौशाला प्रबंधक को निर्देश दिए कि सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट की गई गायों के लिए पर्याप्त भोजन और हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साथ ही बारिश के कारण किसी भी प्रकार के संक्रमण अथवा बीमारी से गौवंशों को बचाने के लिए उनके स्वास्थ्य परीक्षण और त्वरित उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने गौवंशों को गुड़ खिलाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।