अपराध

यूपी के सुल्तानपुर में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमला

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
यूपी के सुल्तानपुर में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमला

**यूपी के सुल्तानपुर में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर हमले का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के इमलिया गांव में अवैध खनन पर कार्रवाई करने पहुंची सदर तहसील की टीम पर खनन में संलिप्त लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार और दो लेखपालों के साथ मारपीट की गई। हमले में घायल नायब तहसीलदार का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला करने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

घटना के संबंध में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और सरकारी कर्मचारियों पर हमले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार को एक जेसीबी मशीन सीज की गई थी, जबकि मंगलवार को एक डंपर को कब्जे में लिया गया है।

घटना में शामिल बताए जा रहे एक चर्चित खनन माफिया समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, क्षेत्राधिकारी सदर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।**

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।