यूपीः सुल्तानपुर में जनगणना प्रशिक्षण के बाद बड़ा हादसा, ओवरलोड लिफ्ट टूटकर गिरी, 12 शिक्षक घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सुल्तानपुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के चुनहा स्थित जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे उतर रही लिफ्ट अचानक टूटकर नीचे आ गई। हादसे में करीब 12 शिक्षक-शिक्षिकाएं घायल हो गए, जबकि छह शिक्षकों को फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
घायलों को निजी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दरअसल, स्कूल में सदर तहसील के सरकारी कर्मचारियों और परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद घर जाने की जल्दबाजी में 19 लोग लिफ्ट में सवार हो गए। एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया के मुताबिक, लिफ्ट की क्षमता 11 लोगों की थी।
अधिक लोगों के सवार होने के कारण हादसा हुआ। सभी घायलों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बीएसए उपेंद्र गुप्ता, एसडीएम सदर और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के बाद शिक्षक संघों में नाराजगी है। शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय ने प्रशासन पर घायल शिक्षकों को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया।
वहीं, दिलीप पांडे ने अधिकारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि माफी नहीं मांगे जाने पर शिक्षक जनगणना कार्य से विरत रहेंगे। हादसे के बाद लिफ्ट की सुरक्षा और रखरखाव पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बाइट- दिनेश उपाध्याय, जिला अध्यक्ष अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ सुल्तानपुर
बाइट- दिलीप पांडे, जिला अध्यक्ष उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ