उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने किया शौर्य वाटिका का भूमिपूजन

दुर्ग, 21 अगस्त 2026 दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड के सोनपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया । कार्यक्रम के दौरान श्री शर्मा ने 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया और शहीदों के परिजनों के साथ स्मृति वृक्ष लगाए।
उन्होंने करीब 79 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग निर्माण, शौचालय, चबूतरा निर्माण, वृक्षारोपण एवं शेड निर्माण सहित विभिन्न कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 37.95 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण, आहता निर्माण एवं शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमते चुकाई है।
उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि आज बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाती थीं, वहां अब विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।