उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर

19 अगस्त 2026, देहरादून: उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे आज देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी में भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
उपराष्ट्रपति कल मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों के प्रोफेशनल कोर्स के दूसरे चरण के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। देहरादून में प्रस्तावित उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
पुलिस लाइन देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने भी यातायात, सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।