उपायुक्त ने हरदासपुर, मुगला व करियां में जल निकासी व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश
एनएचएआई एवं संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक
अगस्त 17, चंबा (हिमाचल प्रदेश): उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए के तहत मोहल्ला हरदासपुर, मुगला तथा करियां इत्यादि स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था के उन्नयन एवं सुधार कार्यों को लेकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के स्थानीय अधिकारियों के साथ उपायुक्त कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधार को लेकर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। मुकेश रेपसवाल ने उपमंडलीय प्रशासन को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण करने को निर्देशित किया। साथ में उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जल निकासी नालियों के आसपास हुए अतिक्रमण एवं लोगों द्वारा रखी गई घर निर्माण सामग्री को तुरंत हटाया जाए। उपायुक्त के समक्ष राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी साझा की तथा मौके पर उत्पन्न हो रही विभिन्न समस्याओं से भी अवगत करवाया। सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडलाधिकारी चंबा चिराग शर्मा, एनएचएआई के डीएम यशवंत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।