राज्य

उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में अग्नि सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर की अध्यक्षता में अग्नि सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित

उपायुक्त ने स्वयं अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर आग बुझाने का लिया प्रशिक्षण

अक्तूबर 16,किन्नौर (हिमाचल प्रदेश): जिला प्रशासन किन्नौर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के संयुक्त तत्वावधान में आज महात्मा गांधी पार्क, रिकांग पीओ में अग्नि सुरक्षा विषय पर मॉक ड्रिल एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर सोनाक्षी सिंह तोमर ने की।

इस दौरान अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आगजनी की घटनाओं से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला के दौरान अग्निशमन केंद्र रिकांग पीओ के अधिकारी सुंदर नेगी ने उपस्थित अधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा आगजनी की घटनाओं के दौरान स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों के माध्यम से आग बुझाने की व्यावहारिक प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया और प्रतिभागियों को उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।

इस अवसर पर आग में झुलसे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार प्रदान करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता एवं सूझबूझ से काम लेना चाहिए तथा उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का उपयोग करते हुए समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

कार्यशाला के दौरान उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने स्वयं अग्निशमन उपकरण का उपयोग कर आग बुझाने का अभ्यास किया। इस व्यावहारिक गतिविधि के माध्यम से उन्होंने अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं उपयोग की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षण को आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की भूमिका एवं कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। डीडीएमए का प्रमुख उद्देश्य जिले में आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को कम करना तथा आपदा से पहले, आपदा के दौरान और आपदा के बाद प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत आपदा जोखिम को कम करने के लिए योजनाएं तैयार करना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करना, जन-जागरूकता अभियान चलाना तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन तैयारियों का आकलन करना शामिल है।

इसके अतिरिक्त, डीडीएमए आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से आपदाओं से संबंधित सूचनाओं के आदान-प्रदान, परिस्थितियों की निगरानी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने का कार्य भी किया जाता है।

इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य विभिन्न विभागों की तैयारियों को मजबूत करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सहायक आयुक्त-उपायुक्त विपन कुमार ठाकुर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के समन्वयक रजनीश, प्रशिक्षण समन्वयक सौरभ सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कैप्शन: कार्यशाला के दौरान उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर अग्निशमन उपकरण का उपयोग कर आग बुझाने का अभ्यास करती हुईं व अभ्यास करते हुए जवान

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।