राजनीति

उपेंद्र कौशल बने अधिकारी-कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 11 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
उपेंद्र कौशल बने अधिकारी-कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष

भोपाल। मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा ने विभिन्न कर्मचारी संवर्गों की लंबित मांगों को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश शासकीय शिक्षक संगठन के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कौशल को मोर्चे का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का कर्मचारी संगठनों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने स्वागत किया है।

मोर्चे के अनुसार, विभिन्न संवर्गों की महत्वपूर्ण मांगों को लेकर सरकार को लगातार ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया जाता रहा है। इसके बावजूद वर्तमान परिस्थितियों में कई मांगों पर शासन स्तर से अपेक्षित ठोस निर्णय नहीं होने के कारण अब कर्मचारी हितों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।

मोर्चे ने बताया कि उपेंद्र कौशल ने नवीन संवर्ग के कर्मचारियों की मांगों को लेकर करीब 25 वर्षों तक लगातार संघर्ष किया है। संगठन का कहना है कि उनके लंबे संघर्ष और सक्रिय भूमिका के कारण नवीन संवर्ग के कर्मचारियों को कई स्तरों पर लाभ मिला है। हालांकि अभी भी कर्मचारियों की अनेक महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं, जिनका निराकरण आवश्यक है।

इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उपेंद्र कौशल को संयुक्त मोर्चे में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। मोर्चे का कहना है कि संगठन प्रदेश के सभी कर्मचारी संवर्गों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाता रहा है और आगे भी सभी संवर्गों के साथ खड़ा रहेगा।

नियुक्ति पर मोर्चे के अध्यक्ष एमपी द्विवेदी और संयोजक एसबी सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मोर्चे के पदाधिकारियों ने उपेंद्र कौशल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

मोर्चे के महामंत्री सुभाष शर्मा ने बताया कि विभिन्न कर्मचारी संवर्गों की लंबित मांगों और आगामी आंदोलनात्मक रणनीति को लेकर जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें मोर्चे की आगामी कार्ययोजना और सरकार के समक्ष उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों की जानकारी दी जाएगी।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।